रसेल वाइपर के डंसने से 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, विरार में दहशत का माहौल

रसेल वाइपर के डंसने से 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, विरार में दहशत का माहौल

इलाज के दौरान तोड़ा दम, विरार पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शुरू की जांच

विरार :  विरार पूर्व के रायपाड़ा क्षेत्र में रसेल वाइपर (घोना सांप) के काटने से 62 वर्षीय एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। मृतक की पहचान वसंत गनु पाटिल (62 वर्ष), निवासी रायपाड़ा, विरार पूर्व के रूप में हुई है। घटना के बाद विरार पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वसंत गनु पाटिल को जहरीले रसेल वाइपर (घोना) सांप ने काट लिया था। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण गहन उपचार शुरू किया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर विरार पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया और घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं चिकित्सकीय अभिलेखों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रसेल वाइपर भारत के सबसे विषैले सांपों में गिना जाता है। इसके काटने पर समय पर उपचार न मिलने या विष का प्रभाव अधिक होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है। बरसात के मौसम में खेतों, झाड़ियों, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा रिहायशी इलाकों में भी सांपों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि वर्षा ऋतु के दौरान सर्पों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा सर्पदंश की स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा