वसई-विरार में बाढ़ का पानी उतरते ही मनपा अलर्ट, महामारी रोकने के लिए 416 चिकित्सा दल तैनात...
वसई-विरार में बाढ़ का पानी उतरते ही मनपा अलर्ट, महामारी रोकने के लिए 416 चिकित्सा दल तैनात...
स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया व्यापक सर्वेक्षण अभियान, जलजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम पर विशेष जोर...
विरार : वसई-विरार शहर में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति सामान्य होने के बाद वसई-विरार शहर मनपा ने संभावित महामारी की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी उतरने के साथ ही मनपा ने नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 416 चिकित्सा दलों को विभिन्न प्रभावित इलाकों में तैनात किया है। मनपा आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर जाकर नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच, बुखार एवं संक्रामक रोगों के लक्षणों की पहचान, आवश्यक दवाइयों का वितरण तथा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। चिकित्सा दल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, लेप्टोस्पायरोसिस, गैस्ट्रो, टाइफाइड तथा अन्य जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए कार्य कर रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, जलभराव के बाद मच्छरों का प्रजनन बढ़ने और दूषित पानी के कारण संक्रमण फैलने की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव, क्लोरीनयुक्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई का विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल उबला या स्वच्छ पानी ही पीएं, भोजन को ढककर रखें, घरों के आसपास पानी जमा न होने दें तथा बुखार, उल्टी, दस्त या अन्य किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी मनपा स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में संपर्क करें।
मनपा प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, डिस्पेंसरी एवं अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ के बाद की परिस्थितियों में नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। यदि समय रहते सावधानी बरती गई तो संभावित महामारी के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है। नगर निगम द्वारा अगले कुछ दिनों तक स्वास्थ्य निगरानी अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।


Comments
Post a Comment