वसई में एफडीए की बड़ी कार्रवाई: 4 होटल और 1 बेकरी के लाइसेंस निलंबित...

वसई में एफडीए की बड़ी कार्रवाई : 4 होटल और 1 बेकरी के लाइसेंस निलंबित...

खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए राज्यव्यापी अभियान जारी...

वसई (लालप्रताप सिंह) : महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा नियमों के सख्त पालन की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए वसई क्षेत्र के चार होटलों और एक बेकरी के खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। एफडीए अधिकारियों के अनुसार, राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत वसई क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं बेकरी प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर रसोई की अस्वच्छ स्थिति, खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही, स्वच्छता मानकों का पालन न करना तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन सामने आया। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। हालांकि, विभाग ने फिलहाल जिन चार होटलों और एक बेकरी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक जानकारी साझा की जाएगी। एफडीए का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य व्यवसाय संचालकों को समय-समय पर निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में विभाग ने हाल के दिनों में मिलावटी एवं अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज किया है। इससे पहले भी विभिन्न जिलों में डेयरी, मिठाई, होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त एवं नष्ट की गई है। एफडीए ने होटल, रेस्टोरेंट और बेकरी संचालकों से अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करें, स्वच्छता बनाए रखें और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता न करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उधर, उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि यदि किसी होटल, रेस्टोरेंट या खाद्य प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट या खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिले तो इसकी शिकायत एफडीए को करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा