तानसा नदी में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत, बारिश के बीच नहाने गया था संजू गावटे
तानसा नदी में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत, बारिश के बीच नहाने गया था संजू गावटे
विरार : विरार के अर्नाला बीच पर दो पर्यटकों की डूबने से हुई मौत की घटना अभी ताजा ही थी कि जिले में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। इस बार तानसा नदी में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश और नदी में तेज बहाव के बीच यह हादसा हुआ, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान संजू तुकाराम गावटे (34) के रूप में हुई है, जो नालासोपारा पूर्व के पेलहार क्षेत्र का निवासी था। बताया गया है कि संजू अपनी मौसी से मिलने हेदवडे गांव गया हुआ था। शुक्रवार शाम वह गांव के पास बहने वाली तानसा नदी में नहाने के लिए उतरा। इसी दौरान भारी बारिश के कारण नदी में आए तेज बहाव की चपेट में आकर वह बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की नदियां, नाले और समुद्री तट अत्यंत खतरनाक बने हुए हैं। इसके बावजूद कई लोग चेतावनी के बावजूद नदियों और समुद्र में नहाने या घूमने पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान तेज बहाव वाले नदी-नालों और समुद्री तटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। लगातार सामने आ रही डूबने की घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बारिश के मौसम में संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और जनजागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Comments
Post a Comment