वसई पूर्व में हाउसिंग सोसाइटी की सुरक्षा दीवार गिरी, 15 बाइक क्षतिग्रस्त..
वसई पूर्व में हाउसिंग सोसाइटी की गिरी सुरक्षा दीवार, 15 बाइक क्षतिग्रस्त...
वसई : वसई पूर्व स्थित फादरवाडी क्षेत्र में रविवार, दोपहर 'श्रीपाल वन' हाउसिंग सोसाइटी की सुरक्षा दीवार अचानक गिर जाने से करीब 15 मोटरसाइकिलें मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और उसके समीप खड़ी कई बाइकें मलबे के नीचे दब गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। वाहन मालिकों ने नुकसान की भरपाई की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भय और नाराजगी का माहौल है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई पुरानी और जर्जर सुरक्षा दीवारें तथा निर्माण संरचनाएं लोगों के लिए खतरा बनी हुई हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे सभी खतरनाक ढांचों का तत्काल सर्वेक्षण कराया जाए, उनकी मजबूती की जांच की जाए और आवश्यक मरम्मत या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की अन्य खतरनाक दीवारों का निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया है।

Comments
Post a Comment