जलभराव वाले मैदान में तैरना पड़ा भारी, 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत
जलभराव वाले मैदान में तैरना पड़ा भारी, 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत...
नालासोपारा : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नालासोपारा पूर्व में एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की जलभराव वाले खुले मैदान में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नमन केसरवानी (13) के रूप में हुई है। मंगलवार दोपहर भारी बारिश के कारण स्कूलों में अवकाश होने से नमन अपने कुछ दोस्तों के साथ नालासोपारा पूर्व स्थित एक जलभराव वाले खुले मैदान में गया था। मैदान में काफी मात्रा में बारिश का पानी जमा था, जहां सभी बच्चे तैरने और पानी में खेलने लगे। इसी दौरान नमन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी तलाश के बाद नमन को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना का आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह हादसा जलभराव वाले मैदान में तैरने के दौरान हुआ। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर खुले मैदान, खदानें और गड्ढे पानी से लबालब भर गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों, विशेषकर बच्चों और अभिभावकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों, तालाबों और अन्य जोखिम वाले स्थानों से दूर रहें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Comments
Post a Comment