मनपा कार्यालय के मुख्य मार्ग पर टूटे-फूटे रास्ते और खुले गटर..., जिम्मेदारों की उदासीनता पर उठे सवाल

मनपा कार्यालय के मुख्य मार्ग पर टूटे-फूटे रास्ते और खुले गटर..., जिम्मेदारों की उदासीनता पर उठे सवाल

नालासोपारा (लालप्रताप सिंह): वसई-विरार शहर महानगरपालिका के प्रभाग समिति ‘एफ’ (धानिव–पेल्हार) कार्यालय की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह टूट-फूट तथा खुले गटर होने के बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम उठता दिखाई नहीं दे रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन मनपा के अधिकारी और कर्मचारी आवागमन करते हैं, फिर भी सड़क और जलनिकासी व्यवस्था की खराब स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं लंबे समय से अनदेखी की जा रही हैं। इस संबंध में जब प्रभाग में कार्यरत प्रभारी सहायक आयुक्त मनोज वनमाली से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें वर्तमान में मुख्य रूप से जनगणना कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में यह चर्चा शुरू हो गई है कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभाग स्तर पर जिम्मेदारी किस अधिकारी के पास है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क, गटर और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान समय पर नहीं हो रहा है। वहीं कुछ लोगों ने क्षेत्र में कथित अवैध निर्माणों को लेकर भी सवाल उठाए हैं तथा संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। नागरिकों का कहना है कि यदि प्रभाग कार्यालय के मुख्य मार्ग की ही यह स्थिति है, तो क्षेत्र के अन्य हिस्सों में विकास कार्यों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। लोगों ने मनपा प्रशासन से मार्ग की तत्काल मरम्मत, खुले गटरों को ढंकने तथा जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की है। अब देखना यह होगा कि मनपा प्रशासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारी इस मुद्दे को कितनी गंभीरता से लेते हैं तथा नागरिकों की शिकायतों के निराकरण के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Comments

Popular posts from this blog

वसई-विरार शहर मनपा क्षेत्र में अब शेयर्ड रिक्शा के साथ मीटर्ड रिक्शा भी शुरू किए जाएंगे - वसई की संघर्षशील विधायक स्नेहा दुबे पंडित की मांग स्वीकार

बहुजन विकास आघाड़ी के पूर्व नगरसेवक समेत पूर्व अधिकारी एवं व्यवसायी भाजपा में हुए शामिल

विरार दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता, विधायक राजन नाइक की मांग पर मुख्यमंत्री की घोषणा