पहली बारिश में बह निकला 98% नाला सफाई का दावा, कई इलाके जलमग्न
पहली बारिश में बह निकला 98% नाला सफाई का दावा, कई इलाके जलमग्न
नालासोपारा (लालप्रताप सिंह) : वसई विरार शहर मनपा द्वारा इस वर्ष 98 प्रतिशत नालों की सफाई पूरी होने का दावा किया गया था, ताकि मानसून के दौरान शहर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। हालांकि, मानसून की पहली ही बारिश ने मनपा के इस दावे की पोल खोल दी। नालासोपारा पूर्व सहित शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, नालासोपारा के पूर्वी भाग के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जबकि कुछ निचले क्षेत्रों में भारी जलजमाव होने से जनजीवन प्रभावित हो गया। लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा तथा दैनिक गतिविधियां भी बाधित हुईं। मनपा प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा था कि इस वर्ष 98 प्रतिशत नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है और बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था सुचारु रहेगी। लेकिन पहली ही बारिश में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने से नागरिकों के बीच मनपा की तैयारियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।गौरतलब है कि हर वर्ष मनपा प्रशासन नालों की शत-प्रतिशत सफाई का दावा करता है, लेकिन बारिश के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की समस्या बनी रहती है। इस वर्ष भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी और उनके दबाव के बावजूद नालों की पूर्ण सफाई का लक्ष्य हासिल नहीं हो सका। परिणामस्वरूप पहली ही बारिश में शहर के कई क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था चरमराती नजर आई। स्थानीय नागरिकों ने मनपा प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। वहीं, पहली बारिश के बाद सामने आई स्थिति ने मनपा के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर कर दिया है।

Comments
Post a Comment