यादव होटल के मालिक की हत्या कर फरार आरोपियों को 11 घंटे में गिरफ्तार करने में नायगांव पुलिस को मिली सफलता
यादव होटल के मालिक की हत्या कर फरार आरोपियों को 11 घंटे में गिरफ्तार करने में नायगांव पुलिस को मिली सफलता
वसई : नायगांव स्थित मालजी पाड़ा क्षेत्र में एक पूर्व कर्मचारी पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाने के विवाद में एक होटल मालिक की हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार रात मुंबई-अहमदाबाद हाईवे स्थित यादव होटल में हुई। नायगांव पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि अजीत यादव का मालजीपाड़ा इलाके में 'यादव होटल' नाम का एक ढाबा था। शनिवार की रात यादव के होटल पर काम करने वाले लल्ला अमर सिंह अपने दोस्तों के साथ आए थे। सभी रात भर रुके। इस दौरान होटल में मौजूद कुछ लोगों के मोबाइल चोरी हो गए। यादव ने चोरी के लिए लल्ला सिंह और उसके दोस्तों को ज़िम्मेदार ठहराया। इसी बात पर दोनों के बीच बहस हुई। गुस्से में यादव ने लल्ला सिंह के कान के नीचे मारा। लल्ला सिंह अपने दोस्तों के साथ चला गया। हालाँकि, रविवार शाम को वह अपने दोस्तों के साथ वापस होटल पर आया। सभी ने अचानक लकड़ी डंडे से अजीत यादव पर हमला कर दिया। इस हाथापाई में होटल कर्मचारी कपिल रामसूरत यादव की भी बेरहमी से पिटाई की गई। अजीत यादव जब जान बचाने के लिए भागने की कोशिश कर रहा था, तभी शिवम यादव और महेश यादव ने उसके सिर पर कुर्सी फेंकी। भोला यादव और राजन मौर्य ने उसे बाहर ही पकड़ लिया और ज़मीन पर गिरा दिया। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अजीत यादव और कपिल यादव को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान अजीत यादव की मौत हो गई। नायगांव पुलिस ने उक्त मामले में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की और महज ११ घंटे में फरार सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Comments
Post a Comment