कूपर अस्पताल के शौचालय में नवजात का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

कूपर अस्पताल के शौचालय में नवजात का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी...

मुंबई : पश्चिमी उपनगर स्थित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधीन संचालित डॉ. रुस्तम नरसी कूपर अस्पताल में एक नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना 13 जुलाई 2026 की सुबह अस्पताल के भूतल पर स्थित महिला दुर्घटना (आपातकालीन) विभाग के शौचालय में सामने आई। बीएमसी प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक स्पष्टीकरण के अनुसार, सुबह एक महिला शौचालय गई थी। वहां उसे एक लावारिस नवजात शिशु दिखाई दिया। महिला ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल के ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को दी। सूचना मिलते ही अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल की निर्धारित मेडिको-लीगल प्रक्रिया के तहत नवजात की तत्काल चिकित्सकीय जांच की। जांच के बाद चिकित्सकों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात अस्पताल प्रशासन ने नियमानुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से इस संबंध में जुहू पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज, अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों तथा अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को अस्पताल के शौचालय में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।बीएमसी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी एवं चिकित्सकीय प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। नवजात की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल जुहू पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। अस्पताल परिसर में हुई इस दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर दिया है।

Comments